फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टंकी पर चढ़कर अफसरों से मनवाईं मांगें

Fri, 08 Apr 2016 12:03 AM IST
ब्यूरो /शाहजहांपुर
विज्ञापन
टंकी पर चढ़कर अफसरों से मनवाईं मांगें
विज्ञापन
मंडी की सब्जी मार्केट में रोड निर्माण समेत कई मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय में दो दिन से भूख हड़ताल पर डटे सर्व समाज हिताय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मो. नबी ने बृहस्पतिवार को हाई वोल्टेज ड्रामा किया। वह संगठन के एक अन्य कार्यकर्ता के साथ दोपहर दो बजे शहीद द्वार मैदान में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। शोले फिल्म के वीरू स्टाइल में उन्होंने टंकी के ऊपर खड़े होकर चहलकदमी शुरू की तो मैदान पर तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया। इसका पता लगने पर अफसरों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी से मांगों पर काम कराने का आश्वासन मिलने पर करीब डेढ़ घंटे बाद मो. नबी नीचे उतरे। मंडी की सब्जी मार्केट के दुकानदारों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए वहां रोड बनाने, जौहर मार्केट के रिक्शा स्टैंड पर टीन शेड डालने, बहादुरगंज मार्केट में वाहन स्टैंड बनाने और शहर के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने आदि मांगों को लेकर सर्व समाज हिताय मोर्चा के कार्यकर्ता करीब छह माह से संघर्षरत हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद के ईओ से लेकर कलक्ट्रेट के अफसरों तक को ज्ञापन देकर मांग की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। 
विज्ञापन


कलक्ट्रेट की छत पर चढ़कर कर चुके हैं प्रदर्शन
मांगों को लेकर पालिका परिषद और प्रशासन के उपेक्षित रवैये को देख मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पिछले साल 27 दिसंबर से कलक्ट्रेट में बेमियादी भूख हड़ताल शुरू की थी। पांच दिन बीतने पर भी अफसरों ने कलक्ट्रेट के धरना स्थल पर बैठे भूखे-प्यासे कार्यकर्ताओं को कोई तवज्जो नहीं दी तो मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का सब्र जवाब दे गया। वह 31 दिसंबर को दोपहर अचानक कलक्ट्रेट भवन की छत पर जा चढ़ गए और मांगों पर कार्यवाही न होने पर छत से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी तो अफसर भी सकते में आ गए। 

एडीएम ने कार्यकर्ताओं की ईओ से कराई थी बात
अफसरों के समझाने पर नीचे उतरे मो. नबी और उनके साथियों की एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय ने अपने सामने पालिका परिषद के ईओ से बात भी कराई। कोरे साबित हो चुके जुबानी आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने भरोसा करने से इनकार किया तो ईओ ने डेढ़ माह में सभी मांगों पर काम शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बावजूद रोड निर्माण का काम शुरू नहीं होने पर मो. नबी ने दो दिन पहले कलक्ट्रेट में धरना देकर बीते दिन से नगरपालिका परिषद के अहाते में भूख हड़ताल शुरू की थी। 
विज्ञापन


मनाने पहुंचे ईओ को मो. नबी ने बैरंग लौटाया  
एडीएम के सामने किया गया लिखित वायदा खोखला साबित होने के कारण ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर को पानी की टंकी पर चढ़े मो. नबी को मनाने में पसीने छूट गए। उन्होंने मोर्चा अध्यक्ष से फोन पर बात करके सभी मांगों पर सहमति जताते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की शुरूआत लकड़ी मंडी से करा दी गई है। अन्य मांगों पर जल्द काम होगा, लेकिन मोर्चा अध्यक्ष ने उनके कहे पर भरोसा करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद ईओ वहां से लौट गए और सीओ सिटी विजय शंकर मिश्रा भी पस्त होकर अपने वाहन में जा बैठे। 

सिटी मजिस्ट्रेट ने मांगों पर बिंदुवार दिया भरोसा
अपराह्न सवा तीन बजे शहीद द्वार मैदान पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह ने फोन पर बात करके मो. नबी को मांगों पर बिंदुवार आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की शुरुआत हो चुकी है। रिक्शा स्टेंड पर टीन शेड इसी हफ्ते डाल दिया जाएगा और मंडी में सड़क निर्माण कार्य 15 मई तक शुरू करा दिया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट से आश्वस्त होने पर मो. नबी और उनके साथ टंकी पर चढ़े मोर्चा कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नीचे उतर आए। 

पालिका बोर्ड से पारित होगा सड़क का प्रस्ताव
मंडी की सब्जी मार्केट में रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यह बात मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बताई जा चुकी है। पालिका बोर्ड की अगली बैठक में प्रस्ताव पारित होते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस घटना के बाद पानी की सभी टंकियों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय किया है।  -तनवीर खां, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें