पुवायां में धरना स्थल पर किसानों से वार्ता करते नायब तहसीलदार। स्रोत : संगठन
पुवायां। पूर्व में दिए गए ज्ञापन में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं के धरने पर मंगलवार को नायब तहसीलदार ने पहुंचकर वार्ता की। किसानों ने समस्या का हल निकलने पर ही धरना समाप्त करने की बात कही।
जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने दस और 30 सितंबर को एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की थी। तहसील के अधिकारियों ने उनकी समस्याओं का समाधान तो दूर जांच कराने की भी जरूरत नहीं समझी। इसीलिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
मंगलवार को दूसरे दिन नायब तहसीलदार पंकज कुमार धरनास्थल पर पहुंचे और वार्ता करते हुए जल्द समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। जिस पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब आश्वासन से काम नहीं चलने वाला है और जब तक अधिकारी समस्याओं का समाधान नहीं कराएंगे तब तक धरना जारी रहेगा।
इसके बाद नायब तहसीलदार ने दो दिन में समस्याओं का निस्तारण कराने की बात कही। वार्ता विफल होने के बाद नायब तहसीलदार मौके से चले गए। यादव ने बताया कि अगर दो दिन में समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। वार्ता के दौरान रामजी शर्मा, हेतराम राजपूत, प्रद्युम्न सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह, बलवीर सिंह, हरपाल सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।