तिलहर में सैय्यद बाड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगा ताला। संवाद
तिलहर। समाज के हर वर्ग को स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के लिए शासन की ओर से हर रविवार को सरकारी अस्पतालों में आरोग्य मेला आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग संज्ञान नहीं ले रहा है। रविवार को सैय्यदबाड़ा मोहल्ले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर फिर दिन भर ताला लटका रहा। इस कारण मरीजाें को लौटना पड़ा।
पिछले रविवार को इस केंद्र पर बरेली से आए मंडल कोऑर्डिनेटर डॉ. गंगा शरण को निरीक्षण के दौरान ताला लटका मिला था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएचसी के अधीक्षक को वहां की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश भी दिए थे।
रमापुर पीएचसी पर कोई डॉक्टर नियुक्त नहीं होने से वहां फार्मासिस्ट संजीव कुमार मरीज देखते मिले। सामान्य मौसमी रोगों के 23 मरीजों को दवाएं दी गईं और तीन मरीजों की विभिन्न जांचें कराईं। कुंवरगंज मोहल्ले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सबसे ज्यादा बुखार, खांसी और पेट की समस्या लेकर पहुंचे। प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने बताया कि छह मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं। राजनपुर पीएचसी के प्रभारी डॉ. अभिषेक जौहरी के अनुसार 51 मरीजों में से 10 की जांच हुई।
-
आरोग्य मेला में सामान्य बीमारियों के 16 मरीजों का हुआ उपचार
सेहरामऊ दक्षिणी। कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर मरीजों को साफ-सफाई रखने की सलाह देते हैं, लेकिन उनकी पीएचसी पर गंदगी फैली है। रविवार को जन आरोग्य मेला में सर्दी, जुकाम, खांसी, पेट दर्द आदि के मरीजों को दवा दी गई। जबकि स्वास्थ्य केंद्र पर चहारदीवारी के अंदर पूरे परिसर में गंदगी थी। संवाद
-तिलहर की सैय्यद बाड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगे होने की जानकारी नहीं है। इसके बारे में जानकारी की जाएगी।डॉ.मनोज मिश्रा, डिप्टी सीएमओ