फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: स्वाइन फ्लू की जांच पकड़ेगी रफ्तार, 500 वीटीएम और 48 टेस्ट किटें मांगी

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जिले में तीन लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की जांच शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी है। सीएचसी पर जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निदेशालय से 500 वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया (वीटीएम) की मांग की है। वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज की बीएसएल लैब को भी सक्रिय करने की तैयारी है। इसके लिए 48 टेस्ट किट मांगी गई हैं।
विज्ञापन

प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट के बीच जिले के तीन लोगों में लखनऊ में उपचार के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। विभाग खांसी, जुकाम और बुखार समेत अन्य लक्षणों वाले मरीजों पर निगाह बनाए हुए है।
संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए 500 वीटीएम की मांग निदेशालय को भेजी गई है। विभाग के अनुसार शुक्रवार तक वीटीएम मिलने की संभावना है। इसके बाद जिले की 15 सीएचसी पर संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए जाएंगे और उन्हें जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि वीटीएम मिलते ही संदिग्ध मरीजों की जांच कर नमूने लिए जाएंगे।
विज्ञापन


लैब में शुरू होगी जांच
राजकीय मेडिकल कॉलेज की लैब भी स्वाइन फ्लू की जांच के लिए तैयार है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि 48 टेस्ट किट की मांग की गई है। बी और सी कैटेगरी के मरीजों की जांच की जाती है। किट मिलते ही जांच शुरू करा दी जाएगी। सरकार ने लखनऊ में भी जांच के लिए लैब स्थापित कर रखी है।

बुखार और खांसी के मरीजों में इजाफा
निगोही। मौसम में बदलाव के साथ सीएचसी में बुखार, खांसी और खुजली के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बुधवार को सीएचसी पर 962 नए पर्चे बने, जबकि पुराने पर्चों पर भी मरीजों की जांच कर दवा दी गई। बृहस्पतिवार को 930 मरीजों ने नए पर्चे बनवाए। दो दिन में करीब चार हजार मरीजों की जांच कर दवा दी गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी ने बताया कि बरसात में हवा में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया सक्रिय हो जाते हैं, जिससे बीमारियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। संवाद

‘जब मरीज आएगा, तब बनाएंगे वार्ड’

पुवायां। पुवायां सीएचसी में स्वाइन फ्लू के रोगियों के लिए अभी कोई वार्ड नहीं बनाया गया है। स्वास्थ्यकर्मी भी बिना मास्क और ग्लब्स के मरीजों का उपचार कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल ने बताया कि क्षेत्र में अब तक स्वाइन फ्लू का कोई रोगी नहीं मिला है। इसी कारण फिलहाल अलग वार्ड नहीं बनाया गया है। रोगी मिलने पर वार्ड बनाकर इलाज किया जाएगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें