क्षेत्र के गांव महमदपुर में रहने वाले बालेश्वर की 26 वर्षीय पत्नी रेनू की बदायूं के गांव महताबपुर लहरेटी में छह दिन पहले स्वाइन फ्लू की चपेट में आकर मौत हो गई। शुक्रवार को मामले की जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जांच के लिए आई। टीम ने मृतक महिला के परिवार वालों का मेडिकल चेकअप किया।
महमदपुर निवासी बालेश्वर की पत्नी रेनू गर्भवती थी। 16 मार्च को तबियत खराब होने पर उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रेनू को प्रसव के समय जुकाम और बुखार की भी शिकायत थी। हालत में सुधार न होने पर रेनू को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 19 मार्च को रेनू ने वहां एक बच्चे को जन्म दिया। स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर रेनू की लार का सैंपल लेकर लखनऊ भेजा गया था। अगले दिन रेनू को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। रेनू को मायके वाले अपने साथ बदायूं के महताबपुर लहरेटी गांव ले गए। 22 मार्च को रेनू की अपने मायके में मौत हो गई। परिवार वालों ने शव अंतिम संस्कार वहीं कर दिया गया था। स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को रेनू के ससुराल महमदपुर पहुंची। टीम ने रेनू के परिवार वालों का मेडिकल चेकअप किया। टीम जांच के लिए कुछ लोगों के ब्लड सैंपल भी लिए।