मीरानपुर कटरा। बारिश के बाद नगर में जलभराव की समस्या को देखते राजस्व विभाग ने खुदागंज मार्ग पर मोहल्ला आतिशबाजान और नादिरशाह में करीब 56 बीघा रकबा वाले सरकारी तालाब को कब्जामुक्त कराने के लिए उसकी पैमाइश का काम शुक्रवार से शुरू करा दिया।
नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने सरकारी तालाब पर चारों ओर से कब्जा करके उसमें गंदे पानी का निकास रोक दिया है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम जीत सिंह राय ने नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की टीम गठित की थी। टीम में शामिल नगर पंचायत के ईओ शिवलाल राम ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर जाकर पैमाइश शुरू की। ईओ ने बताया कि तालाब की पैमाइश में कई दिन लगेंगे। पैमाइश के बाद तालाब को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। संवाद