शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद में भी अब गंभीर रोगियों के लिए डायलिसिस व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा, जो उनके जीवनरक्षण में कारगर साबित होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनपद को मेडिकल कालेज के रूप में भाजपा ने सौगात दी है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं का धीरे-धीरे विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में लगभग साढ़े चार करोड़ की लागत से एक बड़ी लैब की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे मरीजों की तमाम प्रकार जांचें कराई जा सकें और उन्हें परेशानी की हालत में दूसरे जनपदों की ओर न भागना पड़े। खन्ना ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रदेश सरकार सजग है और जनता को अच्छी से अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
इससे पूर्व वित्त मंत्री ने विकास खंड भावलखेड़ा में नवनिर्मित डबाकरा सभागार का लोकार्पण कर क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में ब्लाक प्रमुख ने कैबिनेट मंत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को तमाम योजनाओं के बारे में उपयोगी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याएं भी सुनीं और उनका निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महानगर जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता, एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. एसपी गौतम, सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा, डिप्टी सीएमओ डॉ. लक्ष्मण सिंह, एसीएमओ डॉ. शैलेंद्र आर्या आदि मौजूद रहे।