रोजाना नौ घंटे की नियमित बिजली कटौती के बावजूद देर रात को होने वाली आपात कटौती को पॉवर कारपोरेशन के अफसरोें द्वारा अनदेखा किए जाने से लोगों का रोष सतह पर आने लगा है। बिजली संकट का मुद्दा लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने गर्रा फाटक के पास प्रदर्शन करके बिजली महकमे के अधीक्षण अभियंता का पुतला फूंका। पुतला छीनने को लेकर कार्यकर्ताओं की राजघाट चौकी पुलिस से देर तक तीखी झड़प हुई, इससे वहां देर तक जाम लगा रहा।
प्रदर्शन से पहले युकां कार्यकर्ता शहर उपाध्यक्ष शमशाद खां के महमंद गढ़ी स्थित आवास पर बैठक हुई। इसमें शहर अध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी ने कहा कि जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, बिजली सप्लाई को लेकर विभागीय अफसरों की मनमानी बढ़ती जा रही है। इससे ऐसा लगता है कि अखिलेश सरकार का बिजली विभाग पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।
बैठक के बाद कार्यकर्ता पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए गर्रा फाटक पहुंचे। वहां पहले से मुस्तैद पुलिस ने एसपी के फरमान पर अमल करते हुए पुतला छीनने की कोशिश की। पुतले की छीनाझपटी को लेकर संगठन के महासचिव फरमान खां के हाथ में खरोंच आने से खून बहने लगा। इस पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा भी भड़क उठा। उन्होंने पुलिस के सामने पुतले को आग लगा दी और रोड के बीच खड़े होकर नारेबाजी की। इससे बरेली मोड़ पर आने-जाने वाले वाहनों की पुल तक लंबी कतार लग गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि रात में होने वाली अघोषित कटौती ने शहर के लोगों की नींद हराम कर दी है। उन्होंने कहा कि अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगाई गई तो संगठन के कार्यकर्ता चरणबद्ध आंदोलन करके बिजली अफसरों का चैन से सोना हराम कर देंगे। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्ण विनोद मिश्र, अदीब अहमद, शाका खां, बृजेश सिंह, गौतम कंचन, शिवांक गुप्ता, शारिक खां, शशांक गुप्ता, संजय पाल, गोल्डी श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा आदि शमिल रहे।
सेवादल ने सांसद से मांगी 24 घंटे बिजली
शाहजहांपुर। बिजली संकट बढ़ने के दौरान लोगों को सांसद कृष्णा राज द्वारा पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान किया गया वायदा याद आने लगा है। कांग्रेस सेवादल की बैठक में संगठन के शहर अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने यही मुद्दा उठाते हुए सांसद से चुनावी वायदे के अनुरूप जिला को रोजा तापीय परियोजना से 24 घंटे बिजली दिलाने की मांग दोहराई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जिले को बिजली कटौती से मुक्त कराने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प किया। तय किया गया कि शुक्रवार से सेवादल के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में अफसरों का घेराव और प्रदेश सरकार का पुतला जलाकर आंदोलन की शुरुआत करेंगे। बैठक में सोनी गुप्ता, संतोष शुक्ला, रामकुमार वर्मा, संजीव मिश्रा, रिजवान खां, आशीष वर्मा, इमरान खां, संदीप गुप्ता आदि शामिल रहे।