41.5 डिग्री तक पहुंचा पारा, घरों से निकलना भी मुहाल
गर्मी के लिहाज से सोमवार का दिन रविवार पर भारी पड़ गया। मौसम के पूर्वानुमान को ध्वस्त करते हुए सुबह से आग उगलते सूरज ने इतने तीखे तेवर दिखाए कि थर्मामीटर का पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस की रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। धूप से बचने के लिए छायादार स्थानों की तलाश करने पर भी लोगों को गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिल पाई। बता दें कि गर्मी के चालू मौसम में बीते दिन सर्वाधिक 41.4 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था। दिन निकलने के बाद सूरज जैसे-जैसे सिर पर चढ़ा, थर्मामीटर का पारा भी उछाल लेने लगा। हालांकि, सोमवार को तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली बढ़ोत्तरी हुई, लेकिन 40 डिग्री से अधिक की तपिश ने राजा-रंक का भेद मिटाकर सभी को दिन भर बेहाल रखा।
खास यह रहा कि पिछले 24 घंटे की तुलना में रात के न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की वृद्धि रिकार्ड की गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि दिन और रात के तापमान मेें अंतर लगातार कम हो रहा है और इसी वजह से रातें गर्म होने के साथ अब गर्मी असहनीय होने लगी है।
बढ़ते तापमान की चपेट में आने से बचने के लिए कामकाजी तबके के ज्यादातर लोग दिन भर सुरक्षित ठिकाने तलाशते रहे। हर घंटे-दो घंटे के अंतराल पर बाहर निकलकर चाय की चुस्कियां लेने के आदी सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों के कर्मचारी सड़कों पर आने के बजाय कार्यालयों में पंखे-कूलर के आगे जमे रहे। हालांकि, अभी गनीमत यह है कि गर्म हवा के थपेड़े थमे हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में लू चलने पर गर्मी चरम पर पहुंचने के आसार हैं।