अलग-अलग स्थानों पर हुए ट्रेन हादसोें में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मीरानपुर कटरा-तिलहर के पास रविवार रात लगभग साढ़े दस बजे लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव अमीन नगर निवासी सोनू रस्तोगी (36) की दून एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह अपने साथी गांव औरंगाबाद निवासी पृथ्वीराज के साथ हरिद्वार मजदूरी करने जा रहा था। वहीं शाहजहांपुर स्टेशन के पास रविवार देर रात एक महिला की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। 55 वर्षीय महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जीआरपी ने शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं शहर में सोमवार सुबह लगभग सात बजे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर हरदोई के थाना पिहानी के गांव गबिया निवासी रेखा (50) पत्नी नत्थूलाल घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।