शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र में बाबा विश्वनाथ यात्री निवास के कमरे में फंदे पर लटक कर भाजपा नेता के बेटे ने जान दे दी। उसने कमरे में दीवार पर सुसाइड नोट लिख छोड़ा है कि उसका रुपया बीओबी के खन्ना ने हड़प लिया है, उसके पास इसके अलावा और कोई चारा नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजन को सूचना दे दी है।
जलालाबाद के मोहल्ला 415 मदननगर निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तिन्नू बाबू गुप्ता के बेटे 49 वर्षीय राजकुमार प्राइवेट तौर पर किसानों को ऋण दिलवाने का काम करते थे। सोमवार शाम छह बजे राजकुमार ने बाबा विश्वनाथ यात्री निवास में कमरा नंबर 218 एक दिन के लिए बुक कराया था। कमरे के अंदर जाने के बाद वह बाहर नहीं निकले। मंगलवार देर शाम जब यात्री निवास के प्रबंधक मनोज तिवारी किराये की रसीद लेकर पहुंचे तो देखा कि अंदर से कमरा बंद है। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे के मेन गेट के ऊपर बने रोशनदान की जाली से झांककर देखा तो वह गमछे से पंखे से फंदे पर लटके हुए थे। सूचना सदर पुलिस को दी गई। एसएसआई अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे कमरे को खुलवाकर फंदे से शव का उतरवाया। कमरे की दीवार पर उन्होंने सुसाइड नोट लिख छोड़ा है। सूचना मिलने पर मृतक के पिता तिन्नू बाबू मौके पर पहुंच गए। वहीं मृतक की पत्नी राजरानी को सूचना दे दी गई है। राजरानी बड़े बेटे 20 वर्षीय शिवम, 18 वर्षीय बेटी अंशिका, 16 वर्षीय कोमल के साथ अपने मायके कलान में रह रहीं हैं। राजकुमार कभी ससुराल में तो कभी जलालाबाद स्थित घर मेें रुकते थे। मृतक के पिता ने बताया कि उन्हें यह तो जानकारी है कि बैंक ऑफ बड़ौदा में अधिकारी रैंक के खन्ना पर रुपया बकाया है, लेकिन कितना बकाया है, यह उन्हें नहीं मालूम। फिलहाल पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतक जलालाबाद के मोहल्ला मदननगर का रहने वाला है, उसने यात्री निवास के कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है और मामले की पड़ताल भी की जा रही है कि बैंक अधिकारी खन्ना कौन है और मृतक का कितना रुपया बकाया था। - अमित कुमार, एसएसआई सदर कोतवाली