किसान सहकारी चीनी मिल के एक कर्मचारी की लापरवाही के चलते बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हो सकता था। बॉयलर में पानी कम होने के कारण वह बेहद गरम हो गया और फटने की कगार पर पहुंच गया। बॉयलर बंद होने के कारण मिल में पेराई कार्य ठप हो गया है, जिससे ट्रॉलियों की कई किमी लंबी लाइन लग गई है।
बता दें कि पुवायां कि किसान सहकारी चीनी मिल इस सत्र में अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ठीक से नहीं चल पा रही है। 27 नवंबर को पेराई सत्र शुरु होने के बाद मिल कई बार बंद हो चुकी है। बुधवार की सुबह कर्मचारी ने बॉयलर में पानी नहीं डाला। जिस कारण बॉयलर बेहद गरम हो गया और मिल की टरबाइनें बंद हो गईं। जानकारी मिलते ही मिल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जीएम विनोद कुमार अग्रवाल इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे और बॉयलर के बारे में जानकारी ली।
जीएम ने बताया कि लापरवाह कर्मचारी की कड़ी फटकार लगाते हुए उसे कार्य से हटा दिया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह तक बॉयलर ठीक से काम शुरु कर देगा, जिससे पेराई कार्य सुचारु हो सकेगा। उन्होंने स्वीकार किया कि यदि बॉयलर ज्यादा गरम हो जाता तो फट सकता था और बड़ा नुकसान हो सकता था।
उधर, किसानों ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते मिल ठीक से नहीं चल पा रही है। 13 दिन के पेराई कार्य में मिल कई बार बंद हो चुकी है। वह लोग तीन से चार दिन तक लाइन में लगने के बाद गन्ना तुलवा पा रहे हैं। उच्चाधिकारियों को इस ओर ध्यान देकर मिल को सुचारु रुप से चलवाना चाहिए।