शाहजहांपुर। क्रय केंद्रों पर धान की खरीद में गड़बड़ी और गन्ने के बकाया भुगतान को लेकर बुधवार को कांग्रेस नेता डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। डीएम ने आश्वस्त किया कि बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान अक्तूबर के अंत तक करा दिया जाएगा। धान में मानक से कम नमी होने पर भी खरीद न करने वाले केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लुभावने वायदे कर रही है, लेकिन उसमें कोई सत्यता नहीं है क्योंकि उनका हर स्तर पर शोषण हो रहा है। सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 1815 रुपये निर्धारित किया है, लेकिन क्रय केंद्रों पर नमी बताकर लौटा दिया जाता है। मजबूरन किसान आढ़तों पर 1300 से 1400 में धान बेच रहे हैं। यदि प्रशासन ने जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया तो किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे। वरिष्ठ कांग्रेसी रजनीश गुप्ता ने चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये गन्ना मूल्य भुगतान बकाया होने की बात कही, जिस पर डीएम ने अक्तूबर के अंत तक भुगतान कराने का आश्वासन दिया। जगदीश सिंह कुशवाहा ने आवारा पशुओं से फसल को होने वाली बरबादी का मुद्दा उठाया। इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता मुजीबउर्रहमान खां, अमित पांडेय, मनिल वाजपेयी, फुरकान अहमद कुरैशी, अदीब अहमद, अमित वाजपेयी आदि मौजूद रहे।