शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन पर उस समय खलबली मच गई जब अमरनाथ एक्सप्रेस शाहजहांपुर पहुंची। इंजन के ठीक पीछे लगे पार्सल यान का दरवाजा खुला देख आरपीएफ थाने के पुलिस कर्मियों ने उस ओर दौड़ लगा दी। जब पुलिस कर्मी पार्सल यान के पास पहुंचे तो उसमें दो-तीन लोग बैठे मिले। जिनसे पूछताछ करने के बाद जब आरपीएफ को सबकुछ सामान्य मिला तो ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे अमरनाथ एक्सप्रेस शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन स्टेशन पर रुकने ही वाली थी कि आरपीएफ थाने पर तैनात सिपाहियों की नजर इंजन के ठीक पीछे लगे पार्सल यान के खुले दरवाजे पर पड़ी। जिसको देख आरपीएफ थाना प्रभारी समेत जवानों ने पार्सल यान की ओर दौड़ लगा दी। अचानक से ट्रेन की तरफ दौड़ते आरपीएफ जवानों को देख स्टेशन पर खलबली मच गई। ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री पहले समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर माजरा क्या है। बाद में पता चला कि पार्सल यान खुला होने के कारण चोरी की आशंका के चलते आरपीएफ के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए दौड़ लगाई थी। वहीं ट्रेन के पार्सल यान के पास पहुंचे आरपीएफ जवानों ने उसमें दो-तीन लोगों को एक कंपनी के सामान के साथ बैठे देखा, जिनसे पूछताछ करने पर बताया गया कि यह सामान बरेली से लोड किया गया है, जिसके लिए कंपनी ने ट्रेन के पार्सल यान को पहले से ही बुक करा रखा है। पार्सल यान में बैठे लोगों द्वारा कंपनी के सामान से संबंधित कागजात दिखाने और पूरी तरह से संतुष्टि करने के बाद आरपीएफ जवान वापस थाने चले गए।
- ट्रेन में इंजन के ठीक पीछे लगा पार्सल यान खुला होने पर सतर्कता के तौर चेकिंग की गई थी, जिसको एक कंपनी ने बुक कराया था। जिसकी जानकारी होने पर वह लोग वापस चले आए थे, यह एक सामान्य प्रक्रिया है। - नरवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना आरपीएफ, शाहजहांपुर।