शाहजहांपुर। समग्र शिक्षा के अंतर्गत 62 उच्च प्राथमिक स्कूलों में लर्निंग बाई डूइंग के तहत चार ट्रेडों में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए प्रयोगशाला में उपकरण खरीदने के लिए प्रत्येक विद्यालय को 28770 रुपये की धनराशि खातों में भेजी गई है। बीएसए ने प्रधानाध्यापकों को उपकरण खरीदकर बच्चों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए हैं।
उच्च प्राथमिक स्कूलों में लर्निंग बाई डूइंग के तहत इंजीनियरिंग एंड वर्कशॉप, ऊर्जा और पर्यावरण, कृषि, नर्सरी और बागवानी व घर पर स्वास्थ्य की विभिन्न गतिविधियों को बच्चों को सिखाया जाएगा। चयन किए गए स्कूलों में प्रयोगशाला की स्थापना के लिए चार ट्रेडों के 155 प्रकार के विभिन्न उपकरण खरीदे जाएंगे।
इसमें कुल्हाड़ी, हसिया, बाथ टब, चौकी, बेलन आदि शामिल किए गए हैं। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि प्रधानाध्यापकों को जल्द ही लैब को स्थापित कर बच्चों का प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
39 स्कूलों में चल रही लैब
जिले के 39 स्कूलों में लर्निंग बाई डूइंग को पूर्व में शुरू किया गया था। जिसमें विद्यार्थियों को चार ट्रेडों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभी उन्हें अनुदेशक के जरिये प्रशिक्षित कराया जा रहा है। इसके लिए अनुदेशकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है।