शाहजहांपुर। निर्धन वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश मिलना आसान होगा। जिले के 836 निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटें उपलब्ध रहेंगी। इनके लिए एक दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होंगे।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि निर्धन वर्ग के अभिभावक भी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करना चाहते हैं। उनके लिए निजी विद्यालयों की फीस जमा करना संभव नहीं होता। इस असमानता को दूर करने के लिए शिक्षा का अधिकार को लागू किया गया है। बताया कि जिले के 836 निजी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी व कक्षा एक में प्रवेश की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू हो रही है। अभिभावक अपने बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बताया कि प्रवेश लॉटरी सिस्टम के आधार पर होगा। प्रथम चरण की लॉटरी 24 दिसंबर को निकलेगी। 27 दिसंबर तक विद्यालयों के आवंटन की सूची जारी की जाएगी।
वर्तमान सत्र में 974 बच्चों को मिला प्रवेश
आरटीई के तहत वर्तमान सत्र 2024-25 में 2306 आवेदन हुए थे। इनमें से कुछ आधार, जन्म व निवास प्रमाण पत्र की अनुपलब्धता के कारण निरस्त हो गए थे। 1,111 को विद्यालय आवंटित किए गए। प्रवेश 974 छात्र-छात्राओं ने लिया। बीएसए का कहना है कि शेष बच्चों के अभिभावकों ने अपनी पसंद का विद्यालय या फिर दो बच्चों का एक ही स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने के कारण रुचि नहीं दिखाई।
आवेदन के दौरान इन कागजातों की होगी जरूरत
आरटीई के तहत आवेदन करने के दौरान अभिभावकों को आधार, निवास प्रमाण पत्र, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एक लाख रुपये वार्षिक तक की जरूरत होगी। आवेदन के बाद सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया की जाएगी। फिर लॉटरी निकलेगी। उसके बाद विद्यालय आवंटन होगा।
आज पूरक पोषण वितरण होगा प्रारंभ
बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मिड-डे मील में पूरक पोषण सामग्री का वितरण किया जाएगा। इसका प्रारंभ शुक्रवार को सीडीओ डॉ. अपराजिता द्वारा किया जाएगा।
कंपोजिट की छात्राएं करेंगी शहीद उद्यान का भ्रमण
जिले में संचालित कंपोजिट आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्र-छात्राओं को शहीद उद्यान व शहीद संग्रहालय का भ्रमण करवाया जाएगा। बीएसए ने बताया कि शुक्रवार सुबह दस बजे से छात्राएं शहीद उद्यान पहुंचेंगी।