शाहजहांपुर। आर्य महिला डिग्री कॉलेज में स्टाफ रूम और प्रधानाध्यापक कक्ष में वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त कैमरे लगाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शनिवार को भी कॉलेज में स्टाफ ने बांह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जताया। शिक्षकों ने प्राचार्य को पत्र भेजा। पत्र को कार्यालय में लेने से इन्कार कर दिया गया। तब पत्र को डाक से भेजा गया।
शिक्षकों का आरोप है कि वह निर्धारित समय पर महाविद्यालय पहुंचे तो उपस्थिति पंजिका उपलब्ध नहीं कराई गई। पूछने पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ.दुर्गावती ने कहा कि कार्य बहिष्कार करने वालों के हस्ताक्षर नहीं कराए जाएंगे। शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी उपस्थिति विधिवत दर्ज की जाए। प्राध्यापक कक्षों में वॉयस रिकॉर्डिंग वाले कैमरे नहीं लगाए जाएं। डॉ. सारिका अग्रवाल, डॉ.श्वेता सक्सेना, डॉ.विजय गुप्ता, डॉ.एमपीएस चौहान, डॉ.आशीष गोयल, ऋतु शर्मा, रितु मिश्रा, नम्रता लता आदि शामिल रहे। संवाद