शाहजहांपुर। जिले की बालिकाओं को मंच प्रदान करने के लिए अस्मिता खेलो इंडिया के तहत वाॅलीबॉल व हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियाें ने स्कूलों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
जनपद में वाॅलीबॉल व हैंडबॉल खेल कराने की कार्ययोजना ओलंपिक संघ ने तैयार की है। संघ के महासचिव नरेंद्र त्यागी ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनकी खेल प्रतिभा में निखार लाने के लिए प्रतियोगिता कराई जाएगी। इससे ग्रामीण इलाके की प्रतिभाओं को अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि वाॅलीबॉल और हैंडबॉल की दस-दस टीमें आयोजन में भाग लेंगी। सभी टीमों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। स्कूलों से भी अपनी टीमें भेजने का अनुरोध किया है। आने वाली टीमों से इंट्री फीस भी नहीं लेंगे। विजेताओं को प्रमाणपत्र व मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। बताया कि आयोजन के लिए तिथि और जगह जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा।
बैठक कर तैयारियों पर होगी चर्चा
आयोजन के लिए ओलंपिक संघ ने प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप से खिलाड़ियों तक सूचना पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए बैठक का आयोजन होगा। इसमें खेल प्रतियोगिता को लेकर चर्चा की जाएगी। संघ के महासचिव नरेंद्र त्यागी ने बताया कि भव्य आयोजन के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी जाएगी।