जलालाबाद। बड़े बेटे से भी कम उम्र के प्रेमी के साथ नाै बच्चों की मां को प्यार हो गया। पांच दिन पूर्व वह उसके घर पहुंच गई। किसी तरह घरवालों ने उसे बुलाया और दोनों को लेकर थाने पहुंचे। वहां भी महिला प्रेमी के साथ रहने की जिद पकड़े रही।
महिला के दो बेटों और एक बेटी की शादी भी हो चुकी है। उसके एक बेटे के भी दो बच्चे हैं। उसके प्रेमी की भी शादी तय हो चुकी है। छह मई को उसकी बरात जानी है। वह पड़ोस के गांव का ही रहने वाला है और मेहंदी लगाने का काम करता है। उसका महिला के गांव में आना-जाना था। यहीं से उनके बीच प्रेम प्रसंग हो गया।
एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले महिला के पति ने बताया कि उसने और उसकी बहू ने युवक और पत्नी को कई बार घर में ही साथ-साथ लेटे देखा तो आपत्ति की। बार-बार मना करने पर भी पत्नी नहीं मानी। पति और बेटे ने सख्ती की तो गत 29 अप्रैल को महिला अपने दो छोटे बच्चों को साथ लेकर प्रेमी के साथ चली गई।
पति के अनुसार, बेटे के काफी समझाने पर पत्नी अपने प्रेमी के साथ गांव तो लौट आई, लेकिन घर में रहने के लिए तैयार नहीं है। इस पर दोनों को घरवाले थाने ले गए। सभी ने महिला को समझाया, लेकिन वह नहीं मानी।
थाने में मौजूद प्रेमी भी परेशान दिखा। बताया कि 29 अप्रैल को वह अपने काम से बरेली गया था, लेकिन महिला वहां भी पहुंच गई । खुदकुशी करने की धमकी देकर उसे अपने साथ ले आई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में महिला के घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।