शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार देर रात मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। आंधी और बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन गेहूं समेत अन्य कई फसलें खेतों में भीग गईं। खंभे झुकने व गिरने से कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। होर्डिंग, पेड़ और टिन शेड भी उखड़ गए। एक डेयरी की दीवार भी ढह गई।
शुक्रवार को दिनभर बादल मंडराते रहे, लेकिन बीच-बीच में धूप निकलने से मौसम गर्म बना रहा। रात दस बजे के बाद पुरवाई के झोंके अंधड़ में बदले और गरज के साथ बारिश होने लगी। शनिवार को सुबह तक 15.4 मिमी बारिश होने से न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री घटकर 19.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन में बादल छाए रहने और बारिश से बढ़ी आर्द्रता के कारण नम हवा चलने से अधिकतम तापमान भी 3.2 डिग्री घटकर 33.3 डिग्री सेल्सियस हो गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार, पूर्वांचल से प्रभावी हुए पश्चिमी विक्षोभ से वायुदाब में आई कमी के कारण मौसम में अचानक बदलाव हुआ व असमय बारिश हुई। शनिवार को सुबह से शाम तक बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से 20 अंक अधिक बना रहा। यह वायुदाब बढ़ने का सूचक है। इसलिए रविवार को सुबह कुछ देर बादल छाए रहेंगे, लेकिन बाद में धूप निकलने की संभावना है।
000
हाइटेंशन लाइनों के तार टूटे
तिलहर। आंधी और बारिश में शिवदासपुर, पिपरौली, बंथरा और राष्ट्रीय राजमार्ग के भक्सी तिराहे के पास बिजली के खंभे झुक जाने से हाइटेंशन लाइनों के तार टूट गए। इससे नगर के कई मोहल्लों में करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। एसडीओ हरेंद्र कुमार राहुल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों मेंं अन्य लाइनों से बिजली दी जा रही है और झुके हुए खंभे ठीक कराए जा रहे हैं। संवाद
000
डेयरी कर्मचारी समेत तीन पशु घायल
देवकली। बंडा के मोहल्ला धर्मापुर में सतीश सिंह की डेयरी की आंधी और बारिश में कई दीवारें गिर गईं। इससे उन पर डाली गईं टिन और सीमेंट शेड की चादरें भी टूटकर बिखर गईं। मलबे की चपेट में आकर पशुओं की देखभाल के लिए तैनात कर्मचारी महाजन व तीन पशु घायल हो गए। डेयरी मालिक के अनुसार, घायल कर्मचारी का एक निजी अस्पताल में व घायल पशुओं का भी उपचार कराया जा रहा है। डेयरी में रखी साइकिल, तख्त, छह कुर्सियां आदि सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
रनमस्तपुर गांव में नभीची मार्ग पर रमेश चंद्र की किराना की दुकान का टिन शेड उड़ गया। दुकान मालिक ने बताया कि बारिश का पानी दुकान के अंदर भर गया। शनिवार को सुबह दुकान खोली तो चीनी, तेल, सिगरेट, बीड़ी, माचिस आदि सामान भीगने से खराब हो चुका था। संवाद
000
कांट में पेड़ की डालें गिरने से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त
कांट। आंधी और बरसात में कई जगह पेड़ और उनकी डालें गिरने से नीचे से निकलीं बिजली लाइनें टूट गईं। विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन के तार कई जगह टूट जाने से सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने पूरी रात बिजली के बगैर बिताई। करीब दस घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहने से तमाम घरों में पानी का संकट हो गया। शनिवार को दिन में 11 बजे बिजली आने से लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद
000
12 घंटे बाद सुधर पाईं क्षतिग्रस्त लाइनें
सेहरामऊ दक्षिणी। शुक्रवार की रात बादशाहनगर विद्युत उप केंद्र से संबद्ध महमदपुर, कुतुआपुर, मियांपुर, चंपापुर, रौरा, कहेलिया, बेहटी आदि तमाम गांवों की बिजली आंधी आने के बाद बंद कर दी गईं। शनिवार को सुबह देर तक बिजली नहीं आने पर लोगो ने विद्युत उपकेंद्र से संपर्क साधा। इस बीच, संविदा कर्मचारी आंधी से क्षतिग्रस्त लाइनें सुधारने में जुटे रहे। करीब 12 घंटे बाद शनिवार को दिन में 11 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। संवाद
000
दस घंटे बंद रहा अटसलिया फीडर
बरतारा। बेमौसम बारिश और आंधी ने शुक्रवार रात करीब एक बजे बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी। सबसे ज्यादा नुकसान अटसलिया फीडर की लाइनों को हुआ। इस वजह से फीडर से जुड़े तमाम गांवों के लोग दस घंटे तक बिजली के लिए तरस गए। शनिवार को दिन में 11 बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। संवाद
-
पुवायां तहसील क्षेत्र में टूटे 24 से अधिक बिजली के खंभे
पुवायां। तहसील क्षेत्र में बिजली के कई खंभे आंधी से टूटने और गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
एक्सईएन राजकुमार कुर्मी ने बताया कि खंभे टूटने से देहात क्षेत्र के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार शाम तक लगभग सभी फीडरों की बिजली सप्लाई शुरू करा दी गई है। संवाद
बंडा के मोहल्ला धर्मापुर में तेज आंधी से टूटी दीवार। संवाद- फोटो : संवाद
बंडा के मोहल्ला धर्मापुर में तेज आंधी से टूटी दीवार। संवाद- फोटो : संवाद