शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार देने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां बन रहे हाईटेक ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी वार्ड का करीब 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और अगले दो महीने में इसे मरीजों की सेवा के लिए शुरू करने की उम्मीद है।
वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के पुराने ट्रॉमा वार्ड में चार से पांच बेड और आकस्मिक वार्ड में 25 से 30 बेड की व्यवस्था है। इस कारण गंभीर मरीजों को कई बार बेड के लिए इंतजार करना पड़ता है। नए भवन के शुरू होने पर बेड की संख्या बढ़कर करीब 60 हो जाएगी। इससे एक साथ अधिक मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
नए भवन में मरीजों की सुविधा के लिए आवागमन की बेहतर व्यवस्था की गई है। ट्रॉमा सेंटर और आकस्मिक वार्ड के बीच सीधे रास्ते बनाए गए हैं। इससे स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिये गंभीर मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में पहुंचाने में आसानी होगी। आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों और अन्य गंभीर रोगियों को तत्काल सर्जरी की सुविधा मिल सकेगी।