फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतदान के बाद सियासी दफ्तरों में पसरा सन्नाटा

Thu, 16 Feb 2017 11:49 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों और कार्यकर्ताओं से गुलजार रहने वाले सियासी दफ्तरों में मतदान के बाद सन्नाटा पसर गया है। विभिन्न दलों के अधिकांश प्रत्याशी व पदाधिकारी बृहस्पतिवार को आराम के मूड में रहे और अपने घरों में रहकर चुनाव की थकान उतारते रहे। इस बीच, भाजपा, सपा, कांग्रेस आदि कार्यालयों में कुछ कार्यकर्ता पहुंचे और थोड़ी देर चुनावी गपशप करने के बाद घरों की राह पकड़ ली। 
विज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी
शहर सीट से भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश कुमार खन्ना द्वारा नामांकन कराने के बाद से कचहरी के पीछे जिला पंचायत के नजदीक स्थित भाजपा कार्यालय मतदान होने तक प्रत्याशी की चुनावी रणनीति का केंद्र बना रहा, लेकिन बृहस्पतिवार को दोपहर वहां जाने पर रोज जैसी गहमागहमी नदारद मिली। पार्टी से जुड़े दो कार्यकर्ता आपस में चुनाव चर्चा करते हुए वहां की खामोशी तोड़ते रहे। 
कांग्रेस
टाउनहाल के पार्टी कार्यालय राजीव भवन में दो दिन पहले जैसी चहल-पहल सुबह से गायब रही। तिलहर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रचार की कमान संभाले रहे अधिकांश पदाधिकारी पार्टी कार्यालय के बजाय अपने घरों में मिलने-जुलने वालों तक सीमित रहे। हालांकि, कांग्रेस नेता प्रसाद के कैंप कार्यालय पर रोज की तरह पार्टी पदाधिकारियों का जमावड़ा लगा, लेकिन पार्टी दफ्तर सूना रहा। हालांकि, दोपहर को कुछ देर के लिए एनएसयूआई की जिले में कमान संभाले संगठन के प्रदेश सचिव मो. कैफ हसन खां कुछ कार्यकर्ताओं के साथ वहां बैठे दिखे। 
विज्ञापन

समाजवादी पार्टी
चुनाव के दौरान रोजाना जल्दी खुलकर देर से बंद होने वाला समाजवादी पार्टी का कार्यालय बृहस्पतिवार को सुबह एक घंटा देर से खुला और शाम को जल्दी बंद भी हो गया। दोपहर 12.53 बजे वहां जाने पर दफ्तर के अहाते में खड़ी चार बाइकों ने वहां कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का अहसास करा दिया। ऊपर जाकर देखा कि कार्यालय सचिव हफीज अहमद अंसारी पार्टी की नगर विधानसभा क्षेत्र इकाई के सचिव शकील बेग, उपाध्यक्ष अतीउल्ला सिद्दीकी, नुसरत आदि से घिरे बैठे हैं। हफीज अहमद के अनुसार दिन में सैय्यद रिजवान अहमद, अवधेश पाल, नरेश चंद्र वर्मा, डॉ. जफर आदि आए और थोड़ी देर रुककर चले गए। 
बहुजन समाज पार्टी
पार्टी ने जिला स्तर पर कोई कार्यालय नहीं बनाया गया है। चुनावी गतिविधियों का संचालन करने में कार्यकर्ताओं को सहूलियत देने के लिए शहर सीट से बसपा प्रत्याशी मो. असलम खां ने कच्चा कटरा मोड़ पर कनौजिया अस्पताल के पास किराए के भवन में चुनाव कार्यालय खोला था। वहां मतदान से एक दिन पहले तक सुबह होते ही कार्यकर्ता जुटने लगते थे और शाम को भी तमाम कार्यकर्ता जनसंपर्क की रिपोर्टिंग करने आते रहे, लेकिन बृहस्पतिवार को दोपहर 12.44 बजे प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का शटर गिरा मिला।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें