शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में सांसद खेल स्पर्धा की तैयारी बैठक को संबोधित ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। ग्रामीण क्षेत्र के किशोरों और युवाओं में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर उन्हें प्रतिभावान बनाने के लिए केंद्र सरकार की सांसद खेल स्पर्धा योजना के तहत जनपद में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर आगामी 21 नवंबर से खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। सांसद अरुण कुमार सागर ने बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित खेलों के आयोजन की तैयारियां परखीं और उसे सफल बनाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कुश्ती, क्रिकेट आदि खेलों का आयोजन होगा और यह सभी स्पर्धाएं विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर कराई जाएंगी। सांसद अरुण सागर ने अधिकारियों से विचार विमर्श कर खेल स्पर्धा की विधानसभा क्षेत्रवार तिथियां और उनके स्थान निर्धारित कराए। तय किया कि शहर विधानसभा क्षेत्र की खेल स्पर्धाएं विकास खंड भावलखेड़ा में, ददरौल विधानसभा क्षेत्र की ददरौल ब्लॉक मुख्यालय पर, तिलहर विधानसभा क्षेत्र की तिलहर ब्लॉक में, कटरा विधानसभा क्षेत्र की खुदागंज में और जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र की स्पर्धा जलालाबाद में कराई जाएगी।
सांसद ने कहा कि खेल स्पर्धा में भाग लेने को इच्छुक युवाओं का शुक्रवार से रविवार तक विकास खंड स्तर पर पंजीकरण कराने की व्यवस्था कर ली जाए। जनपद स्तर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी के कार्यालय में भी खिलाड़ी पंजीकरण करा सकेंगे। यह खेल प्रतियोगिताएं 21 से दिनांक 23 नवंबर के मध्य विकास खंड स्तर पर कराने का निर्णय किया। 25 नवंबर को विकास खंड स्तर के विजेताओं को जिला मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, विधायक चेतराम, रोशन लाल वर्मा व वीर विक्रम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता आदि मौजूद रहे।