शाहजहांपुर। कृभको फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल, पिपरोला में चल रहा चौथा सीबीएसई क्लस्टर गर्ल्स वॉलीबाल टूर्नामेंट लखनऊ और सीतापुर ने जीत लिया है। अंतिम दिन मुख्य अतिथि डीएम ने विजयी टीमों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
जनपद में पहली बार सीबीएसई के क्लस्टर स्तरीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल में तीन दिन राजधानी समेत अन्य जनपदों की 27 स्कूलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट के अंडर-17 वर्ग में जागरण पब्लिक स्कूल लखनऊ चैंपियन घोषित किया गया। जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ ने द्वितीय और आर्मी पब्लिक स्कूल एसपी मार्ग लखनऊ और सामविद गुरुकुलम स्कूल मथुरा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में जागरण स्कूल की श्वेता को बेस्ट स्पिकर और कामिनी को बेस्ट शूटर तथा आर्मी स्कूल एलबीएस की कंचन को बेस्ट डिफेंडर घोषित किया गया।
इसी तरह अंडर-19 वर्ग में गत वर्ष के चैंपियन विद्या भारती स्कूल सीतापुर का दबदबा कायम रहा और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस ग्रुप में बीबीएल पब्लिक स्कूल बरेली ने दूसरे और श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एसएसएमवी) शाहजहांपुर और बीबीएल पब्लिक स्कूल पीलीभीत ने संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहते हुए ट्रॉफी जीती। विद्या ज्ञान स्कूल की अंजलि सिंह और शिवांगी को बेस्ट स्पिकर, बीबीएल बरेली की विदुषी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया। रेफरी की भूमिका अब्दुल हफीज, संजय वर्मा, ज्ञान प्रकाश, दिलीप कुमार, अरुण कुमार, गौरव राजपूत, अमन पाल, मो. जुबैर आदि ने निभाई।
मुख्य अतिथि डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने मेहमान और मेजबान टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए कछुआ की तरह प्रयास में निरंतरता लाने का संदेश दिया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं।
प्रधानाचार्य शालिनी प्रजापति ने आभार जताया। पुरस्कार वितरण समारोह में सीबीएसई बोर्ड की आब्जर्वर ममता मिश्रा, कृभको फर्टिलाइजर के जीएएम फाइनेंस केसी गुप्ता, जीएम मेंटिनेंस एनके अग्रवाल, स्कूल प्रबंध समिति के मैनेजर हितेश कुलश्रेष्ठ, सचिव इंद्रमणि मिश्रा, नोडल अधिकारी संजय श्र वास्तव, विशंभर मिश्रा, राजीव पांडेय समेत कई कॉलेजों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।