चौक कोतवाली थाना क्षेत्र की कांशीराम कालोनी के ब्लॉक 64 में रविवार आधी रात को नशे की हालत में गुटखा थूकने के विवाद ने तूल पकड़ लिया और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में दूसरे पक्ष के जावेद गनी और दर्शन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में उन्हें बरेली रेफर कर दिया। वहां स्टेडियम रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है। सदर बाजार के रंगीन चौपाल इलाके में रहने वाले जावेद गनी के भाई रेहान गनी खां की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों (इंदिरा नगर निवासी राजेश मिश्रा, कांशीराम कालोनी निवासी हुमैर, नीलम, राजेश शुक्ला और जलालाबाद निवासी छोटे दीक्षित) के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर केके चौधरी ने बताया कि जावेद अपने साथी दर्शन के साथ कांशीराम कालोनी स्थित ससुराल वालों के यहां गया था। वहां हुमैर के यहां जुटे राजेश मिश्रा और अन्य परिचित नशे की हालत में थे और गुटखा थूके जाने का विरोध किए जाने पर गालीगलौज पर उतारू हो गए। बात बढ़ी तो राजेश व अन्य ने तैश में जावेद व उसके साथी पर फायर झोंक दिया। कालोनी के लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी तो तत्काल अजीजगंज पुलिस चौकी प्रभारी गुड्डू सिंह मौके पर पहुंचे तो मुख्य आरोपी भाग निकले थे। इंस्पेक्टर चौधरी ने बताया कि पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को रोका गया है और आरोपियों की तलाश में टीमें निकली हुई हैं।