शाहजहांपुर। जिले में खसरे के संक्रमण से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। ग्रामीण इलाकों में बच्चों के टीके लगाए गए, जबकि नगर में बृहस्पतिवार से टीके लगेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों को खसरे का टीका लगाना है, जो पूर्व में हुए टीकाकरण अभियानों में किसी कारणवश छूट गए थे।
मंगलवार से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू हो चुका है। जहां छूटे हुए बच्चों को खसरे का टीका लगाया गया। नोडल अधिकारी डॉ.आसिफ ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अभियान बृहस्पतिवार से प्रारंभ होगा। टीकाकरण का कार्य स्कूलों में भी आयोजित किया जाएगा, क्योंकि प्राइमरी स्कूलों में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चे बड़ी संख्या में हैं।
टीकाकरण प्रक्रिया के लिए एएनएम की सहायता ली जाएगी। बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण दिवस होने के कारण अन्य दिनों में भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक बच्चों को कवर किया जा सके। संवाद