शाहजहांपुर। रेलवे कर्मचारियों के ड्यूटी पर आने-जाने के लिए अप और डाउन की दो ट्रेनों को चलाया जाएगा। इन ट्रेनों पर कोई सामान्य यात्री नहीं बैठेगा और न ही टिकट बेचे जाएंगे। लोको पायलट, सहायक और गार्ड अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए इन ट्रेनों की यात्रा कर सकेंगे।
लॉकडाउन के चलते रेलवे ने सभी यात्री ट्रेनों का संचालन बंद कर रखा है। सिर्फ मालगाड़ियों को चलाया जा रहा है, जिससे खाद्य सामग्री को देश के सभी राज्यों में पहुंचाया जा सके। इन ट्रेनों के संचालन के लिए लोको पायलट, सहायक और गार्डों की ड्यूटी रहती है, जिनको ड्यूटी के लिए मालगाड़ियों से ही यात्रा करनी पड़ रही थी और सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो पाता था। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे मेंस यूनियन के सचिव अमित मिश्रा ने वर्क मैन ट्रेन चलाने की मांग सीनियर डीएसओ से की थी। मंडल रेल प्रबंधक ने उनकी मांगों को मानते हुए चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों का संचालन बुधवार से होगा।
इस तरह से होगा ट्रेनों का संचालन
0402 डाउन वर्कमैन ट्रेन सुबह 3:00 बजे मुरादाबाद से चलकर 6:00 बजे रोजा आएगी और लखनऊ 8:30 बजे सुबह पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 0401 लखनऊ से लखनऊ से सुबह 9:30 बजे चलकर दोपहर 12:00 बजे रोजा आएगी और मुरादाबाद 3:00 बजे पहुंचेगी। इसी तरह से 0403 वर्क मैन ट्रेन लखनऊ से रात 8:30 बजे चलकर शाहजहांपुर रात 11:00 बजे आएगी, जबकि वापसी में 0404 शाहजहांपुर से शाम 5:00 बजे चलकर 7:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
सुपरफास्ट और मेल चलाने वाले ड्राइवर चलाएंगे मालगाड़ी
22 मार्च से लॉक डाउन के कारण एक्सप्रेस, पैसेंजर सवारी गाड़ियों का संचालन बंद है। ऐसे में मेल व एक्सप्रेस के चालकों को हटा दिया गया था। वे अभी तक मुख्यालयों पर थे, लेकिन अब मालगाड़ियों का संचालन करेंगे। इसके आदेश मंडल रेल प्रबंधक ने दे दिए हैं। जिससे मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों के चालकों में खलबली मच गई है। कई मेल, एक्सप्रेस के चालक छुट्टी लेने के लिए लाइन में लग गए है। कुछ मेडिकल लीव पर जाने की फिराक में हैं। लोको निरीक्षक वीरेंद्र झा बताया कि मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के चालकों को मालगाड़ियों का संचालन करना पड़ेगा।