रसोई गैस एजेंसियों पर नए कनेक्शन शुल्क के नाम पर मनमाने रुपये वसूलने और अन्य शिकायतों का निस्तारण न किए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने जिला सचिव आरिफ हुसैन के नेतृत्व में खिरनीबाग चौराहे पर प्रदर्शन किया। वहीं पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका गया।
इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता कलक्ट्रेट जाकर सिटी मजिस्ट्रेट से मिले और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर संबंधित एजेंसी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि एजेंसियों के संचालक कनेक्शन शुल्क के नाम पर 3500 से 4000 रुपये तक वसूल रहे हैं। जबकि गैस कंपनियों ने कनेक्शन शुल्क 2800 रुपये नियत किया है। प्रदर्शन में रघुवीर सिंह वर्मा, मुबश्शिर खां, शाहजेब खां, जहांगीर खां, सुल्तान कुरेशी, मनोज वर्मा, कुणाल यादव, मो. फैजान आदि शामिल रहे।