1.72 लाख शिक्षामित्रों के साथ है सपा सरकार
सपा सरकार ने गत चार साल में सूबे का जितना विकास किया है, उतना किसी ने नहीं किया। इस सरकार ने ग्राम प्रधानों द्वारा नियुक्त 1.72 लाख शिक्षामित्रों को मान्यता देने के साथ ही अब उन्हें शिक्षक बनाने के लिए उनके साथ खड़ी है। शानदार इतिहास और भूगोल वाली शहीदों की नगरी शाहजहांपुर में नई डेयरियां खुलने से दुग्ध उत्पादन 9477 लीटर से बढ़कर 18044 लीटर प्रतिदिन हो गया है। जिले में पंजीकृत श्रमिकों - मजदूरों में अब तक पांच हजार साइकिलें बांटी गई है और इसी जिले में 70 हजार पात्रों को समाजवादी पेंशन दी जा रही है। गांधी भवन में मंगलवार को सपा सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित समाजवादी विकास कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम में उन्होंने 132 विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप, 100 लोगों को समाजवादी पेंशन, 50 को लोहिया ग्रामीण आवास, 120 को संशोधित कन्या विद्याधन, 100 को वृद्धावस्था पेंशन, 67 को कृषक दुर्घटना बीमा की राशि, 40 लोगों को मुफ्त चश्मा और 200 श्रमिकों को साइकिलें बांटीं। जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 लाख इंटर पास विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटकर सपा सरकार ने नया रिकार्ड बनाया है। संशोधित कन्या विद्याधन में इंटर पास बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए 30 हजार रुपये देने एवं कृषक दुर्घटना बीमा की राशि एक से बढ़ाकर पांच लाख करना व्यापक जनहित वाला है। सूबे में वुमेन पावर लाइन 1090चालू कर कुल चार लाख महिलाओं को सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जनता के लिए भेजे गए पत्र को पढ़कर सुनाया कि सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्यरत रहेगी। इससे पहले डीएम शुभ्रा सक्सेना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने अभिनंदन भाषण मेें सीडीओ पुलकित खरे ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2015 -16 के लिए समग्र ग्राम विकास योजना के तहत 30 गांवों में काम कराए जा रहे हैं। लैपटॉप पाने वाले प्रशांत मिश्रा, संशोधित कन्याधन पाने वाली कुमारी वैष्णवी, समाजवादी पेंशन लाभार्थी वंदना, लोहिया आवास लाभार्थी अलीमा और कामधेनु योजना के लाभार्थी सुनील कुमार ने इन योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की कहानी सुनाई।
सपा सरकार ने 2.52 लाख शिक्षकों की भर्ती की: संजय मिश्र
शाहजहांपुर। समाजवादी विकास दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य संजय मिश्र ने कहा कि सूबे की सपा सरकार ने 2.52 लाख शिक्षकों की भर्ती करके एक नया रिकार्ड कायम किया है। इसी तरह लेखपालों की भरती करके सभी गांव में राजस्व कर्मियों की कमी को दूर किया जा रहा है। तीन लाख वित्त विहीन शिक्षकों को मानदेय दिया गया है। लैपटॉप वितरण कर गांवों को आईटी से जोड़ा गया है।
54 लाख लोगों को मिली समाजवादी पेंशन: मिथिलेश
शाहजहांपुर। समाजवादी विकास दिवस कार्यक्रम में पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार ने कहा कि सूबे के युवा मुख्यमंत्री की सोच और निर्णय का नतीजा है कि युवाओं में जागृति आई है। पूरे प्रदेश में 54 लाख गरीबों को समाजवादी पेंशन का लाभ दिया गया। बंद पड़ी पुवायां चीनी मिल मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही चालू कराया जा सका है और मिल का चीनी परता पूरे प्रदेश में दूसरे नंबर पर है।
करनी-करनी का मुख्यमंत्री ने मिटाया भेद: अमित
शाहजहांपुर। समाजवादी विकास दिवस कार्यक्रम में विधान परिषद के नव निर्वाचित सदस्य अमित यादव रिंकू ने कहा कि सपा सरकार के चार साल के कार्यकाल में वायदों की सूची से आगे जाकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कथनी-करनी का भेद मिटाते हुए जनहित में तमाम कार्य कराए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने अपने कामों के बल पर जनता का जो विश्वास अर्जित किया, उसका प्रतिफल अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अवश्य मिलेेगा।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा
शाहजहांपुर। गांधी भवन सभागार में विभिन्न स्कूलों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। प्रारंभ में आकांक्षा हाईस्कूल की छात्राओं ने अतिथियों के सम्मान में सामूहिक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बाद में बचपन स्कूल के रंग-बिरंगी पोशाक पहने नन्हें-मुन्ने बच्चों ने जय हो गीत पर ठुमकते हुए सभी का ध्यानाकर्षण किया और दर्शकों की तालियां बंटोरीं।