खुटार। बेटी को विदा कराकर ले जा रहे पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव रायपुर बिचपुरी निवासी शमीम खां ने दामाद सहित पांच लोगों पर जानलेवा हमला, जेवर, नकदी छीनने और दहेज उत्पीड़न के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शमीम खां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुत्री नाजिस का निकाह खुटार के गांव कैमहरिया के जुल्फिकार के साथ पांच अक्तूबर 2025 को किया था। दामाद जुल्फिकार, दामाद के पिता ऐजाद, भाई नवेद और तीन बहन आए दिन कम दहेज मिलने की बात कहते हुए पुत्री को पीटकर प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कैमहरिया पुलिस चौकी पर पुत्री और उसके ससुराल के लोगों को बुलवाया। दरोगा ने दोनों पक्षों के बीच फैसला करा दिया, जिसके अनुसार पुत्री को विदा कर दिया गया और पुत्री के जेवर भी दिलवाए गए थे।
आरोप लगाया कि बाइक से वापस घर जाते समय रास्ते में ऐजाद, जुल्फिकार, नवेद, सद्दाम, नवाज शरीफ तीन बाइकों से आए और उन लोगों को रोक लिया। उन पर बंदूक तान दी गई और उन्हें, पुत्री, पत्नी और पुत्रों को धारदार हथियारों, लाठी, डंडों ये पीटकर घायल कर दिया। ऐजाद ने पत्नी हमश्री का जान से मारने की नीयत से गला दबा दिया। इस दौरान जुल्फिकार ने पुत्री नाजिस से जेवर छीन लिए। संवाद
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां