शाहजहांपुर। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) में लोधीपुर स्थित एनटीआई के सेंटर पर फर्जी तरीके से परीक्षा देने वाले साॅल्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 20 हजार रुपये लेकर दो अभ्यर्थियों की जगह पर उसने पहले हरदोई और फिर यहां परीक्षा दी थी। पुलिस अब अभ्यर्थियों की तलाश में लगी है।
रविवार को पीईटी की दूसरी पाली में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले संदिग्ध अभ्यर्थी के पकड़ में आने पर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। बायोमीट्रिक से मिलान नहीं होने पर प्रधानाचार्य सुनीता द्विवेदी ने रोजा थाने में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस की पूछताछ में वह अपना नाम नितिश कुमार (31 वर्ष) निवासी ग्राम भीलमपुर छपरा थाना अतरौलिया जिला आजमगढ़ बता रहा था। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना नाम विवेक कुमार मंडल निवासी ग्राम भवानी विगहा थाना वारिस अलीगंज जिला नवादा बिहार स्वीकार किया।
उसने 20 हजार रुपये लेकर अभ्यर्थी नितिश कुमार के स्थान पर परीक्षा दी थी। इससे पहले हरदाेई में श्याम कृष्ण सिंह की जगह पर आर्चसिया इंटरनेशनल स्कूल, भगोली, हरदोई में परीक्षा में शामिल हुआ था। साॅल्वर के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने नितिश और श्याम कृष्ण की तलाश के लिए टीमों को लगाया है।
2024 में वाराणसी में हुई थी दोस्ती, 20 हजार में तय हुआ था सौदा
शाहजहांपुर। आजमगढ़ जिले के थाना अतरौली के बड़ा गांव केशवपुर निवासी श्याम कृष्ण ने उसकी व नितिश की जगह परीक्षा दिलाने के लिए 20 हजार रुपये में साॅल्वर विवेक मंडल से सौदा तय किया था। दोनों की मुलाकात जून 2024 में हुई थी। श्याम कृष्ण ही उसे हरदोई, फिर शाहजहांपुर लेकर आया था।
श्याम कृष्ण व नितिश कुमार एक ही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। श्याम कृष्ण की मुलाकात पिछले वर्ष वाराणसी रेलवे स्टेशन पर बिहार के विवेक मंडल से हुई थी। दोनों की दोस्ती होने के बाद मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान भी हो गया था। कुछ समय के बाद श्याम कृष्ण ने आरोपी से संपर्क साधकर यूपी पीईटी का पेपर देने का प्रस्ताव रखा था।
इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि दोनों की जगह पर परीक्षा के लिए 20 हजार रुपये तय हुए थे। दस हजार रुपये पेशगी में दिए गए थे। आरोपी पांच सितंबर को बिहार से लखनऊ आया। वहां से श्याम कृष्ण गाड़ी से उसे हरदोई लेकर पहुंचा। यहां आर्चसिया इंटरनेशनल स्कूल भगोली हरदोई में श्याम कृष्ण सिंह के नाम पर परीक्षा दी थी। इसके बाद वह उसे नितिश की परीक्षा दिलाने के लिए शाहजहांपुर लेकर आया। यहां वह एनटीआई में नितिश के स्थान पर परीक्षा देने के लिए शामिल हुआ था। संवाद
फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया
परीक्षा के लिए अभ्यर्थी से उसका फर्जी आधार कार्ड, फोटो भी आरोपी ने किया था। बायोमीट्रिक से मिलान नहीं होने पर वह बार-बार अपने को नितिश कुमार बताता रहा। बाद में उसने अपना असली नाम बताया। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि अभियुक्त की तस्दीक के लिए टीम को बिहार भेजा गया था। श्याम कृष्ण व नितिश की तलाश में टीमों को लगाया है।
साॅल्वर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने जिनके स्थान पर परीक्षा दी है, उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों को लगाया गया है।
- राजेश द्विवेदी, एसपी