बसपा के एमएलसी जयेश प्रसाद ने सोशल नेटवर्किंग के गलत इस्तेमाल को घटिया मानसिकता का परिचायक बताते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
उन्होंने इस संबंध में डीएम शुभ्रा सक्सेना से पत्राचार करने के साथ ही हाल ही में सोशल मीडिया पर आरोपों से घिरे सपा के पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा की तरफदारी करने में भी कोई संकोच नहीं किया।
डीएम को भेजे पत्र में एमएलसी प्रसाद ने कहा है कि जिले में कुछ लोग फेसबुक के माध्यम से सोशल नेटवर्किंग के तहत आए दिन किसी न किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति पर घिनौने आरोप लगाकर ब्लैक मेल कर रहे हैं।
हाल में जिले के सम्मानित नेता एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा पर भी घटिया और घिनौने आरोप लगाए गए जिस कारण राजनीतिकों में भय व्याप्त है।
यदि ऐसे लोगों पर रोक नहीं लगाई गई तो जनता की सेवा करना कठिन हो जाएगा और सम्मानित लोगों को बदनाम करने का सिलसिला चलता रहेगा।
एमएलसी ने एक बयान में कहा कि सोशल नेटवर्किंग पर ऐसे मामले सामने आने पर प्रशासन उनकी निष्पक्ष जांच कराए जिससे कि हकीकत सामने आ सके।
बसपा नेता प्रसाद ने राजनीति से हटकर इंसानियत के नाते राज्यमंत्री राममूर्ति पर लगाए जा रहे आरोपों की निंदा करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के एक नेता के इशारे पर सोशल नेटवर्किंग का घटिया तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने फेसबुक के माध्यम से गलत बयानबाजी करने वालों को चेतावनी दी कि वे सीमा में रहें वरना उन्हें कानूनी कार्रवाई का खामियाजा भुगतना होगा।
सपा से निष्कासित किए गए हिमांशु
समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष इम्तियाज मंसूरी ने संगठन के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बाजपेयी को संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने और फेसबुक पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करने पर संगठन से निष्कासित कर दिया है।
जिलाध्यक्ष मंसूरी ने कहा कि भविष्य में अन्य कोई पदाधिकारी ऐसी गलती करेगा तो उसके विरुद्ध भी पार्टी कड़ा रुख अपनाएगी।