शाहजहांपुर। राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत केरूगंज से मघईटोला होते हुए नेशनल हाईवे तक 25 करोड़ की लागत से स्मार्ट रोड का निर्माण होना है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी इसका निर्माण कराएगी। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दो दिन में नगर निगम अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। सड़क का निर्माण पूरा होने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी।
करीब तीन माह पहले केरूगंज मघईटोला से राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-लखनऊ को जोड़ने के लिए 2.2 किमी लंबी स्मार्ट रोड बनाने की स्वीकृति मिली थी। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। सड़क चौड़ीकरण में अतिक्रमण कई स्थानों पर बाधा बन रहा है। नगर निगम सोमवार से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
इसके लिए टीम ने सर्वे का कार्य पहले ही कर लिया था। अब जल्द ही सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा। इसके निर्माण से वाहनों को शहर के अंदर नहीं घुसना पड़ेगा। जाम से निजात मिलेगी।
आधुनिक तरीके से होगा स्मार्ट रोड का निर्माण
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, स्मार्ट रोड अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण होगा। फैंसी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। साथ ही हरियाली का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मघईटोला मोहल्ले में बस्ती वाले क्षेत्रों में सड़क की चौड़ाई कम रहेगी। मघईटोला मोड़ से नेशनल हाईवे तक सड़क 30 मीटर चौड़ी होगी। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनाया जाएगा। इस पर लोगों के बैठने के लिए बेंच बनाईं जाएंगी। सड़क के बीच में डिवाइडर पर पौधरोपण भी होगा।
ग्रीन रोड के निर्माण की गति धीमी होने से लोग परेशान
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम-अर्बन (सीएम ग्रिड) योजना के तहत अहमद उल्ला शाह पार्क से तेल टंकी रोड होकर तेल टंकी मोड़ तक ग्रीन रोड का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 11 माह से निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण की गति धीमी है। इस वजह से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। छह करोड़ रुपये से बनने वाली 400 मीटर लंबी इस रोड का अभी तक आधा काम भी नहीं हो सका है।
मघईटोला से राष्ट्रीय राजमार्ग तक स्मार्ट रोड का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा। सोमवार से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने भी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त
मोहनगंज स्थित निर्माणाधीन ग्रीन रोड। संवाद- फोटो : udhampur news