शाहजहांपुर। राजकीय आईटीआई में प्रवेश की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। मेरिट सूची जारी होने के बावजूद प्रवेश लेने वालों की गति सुस्त है। अगले दो दिन में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
राजकीय आईटीआई में प्रवेश के लिए जिले में करीब पांच हजार से ज्यादा आवेदन हुए थे। आवेदन करने वालों की मेरिट लखनऊ से जारी कर दी गई। पहले चरण में आठ जुलाई तक प्रवेश होना हैं। रोजा स्थित आईटीआई में 473 के सापेक्ष 448 सीटें आवंटित की गईं। इसमें शनिवार तक 24 छात्रों ने प्रवेश लिया है।
इसी तरह जलालाबाद आईटीआई में 500 के सापेक्ष 445 सीटें आवंटित की गईं हैं। यहां पर 36 प्रवेश हुए हैं। इसी तरह पुवायां आईटीआई में 396 के सापेक्ष 317 सीटें आवंटित की गई हैं। इसमें 39 ने दाखिला लिया है।
प्रधानाचार्य नगेंद्र सिंह ने बताया कि आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन की 60 और फीटर की 40 सीटें आवंटित की गईं हैं। इस ट्रेड में विद्यार्थियों का सबसे ज्यादा रुझान रहता है। इसी तरह तहसील स्तर पर संचालित आईटीआई में फैशन डिजाइनिंग कोर्स में छात्राएं रूचि दिखाती हैं। उन्होंने बताया कि पहला चरण आठ जुलाई को खत्म होगा। इसके बाद दूसरे चरण की सूची जारी होगी।
यह हैं प्रमुख कोर्स
-आठवीं उत्तीर्ण करने वाले प्लंबर, वॉयरमैन, पेंटिंग, हाईस्कूल पास इलेक्ट्रीशियन, एसी, मैकेनिक, कोपा आदि ट्रेड में प्रवेश लेते हैं। इसके अतिरिक्त मेन्यूफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन, फिटर, आरएसी, मोटर मैकेनिकल, टर्नर, मशीनिस्ट, ड्राफ्टमैन आदि के ट्रेड भी संचालित हैं।
अभिलेख तैयार करने में जुटे छात्र-छात्राएं
आईटीआई में प्रवेश को लेकर अभी गति काफी धीमी है। आवेदक अपने अभिलेख तैयार कर रहे हैं। अंतिम दो दिन में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।