शाहजहांपुर। 19 दिन बीतने के बाद भी तिलहर की लापता हुईं चचेरी-तहेरी बहनों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस दोनों की सहेलियों समेत करीब 60 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन लापता दोनों बहनों की उलझी गुत्थी को सुलझा नहीं सकी है।
29 दिसंबर की सुबह दोनों किशोरियां स्कूल जाने की बात कहकर निकलीं थीं। शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटीं। तब परिजनों को उनकी चिंता हुई। परिजनों ने दोनों की काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन 30 दिसंबर को थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस को पूरी बात बताते हुए दोनों बहनों की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की तलाश की। सहेली व संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ की गई।
इस मामले में बसपा के जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर दोनों को तलाशने की मांग उठाई। तलाश में एक टीम बरेली व दूसरी टीम शहर भेजी, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। इस मामले में शुक्रवार को परिजनों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात कर दोनों को तलाशने की मांग उठाई। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश करने के प्रयास किए जा रहे हैं।