कांट (शाहजहांपुर)। सैदापुर सानी गांव में विवाहिता मोहिनी को दहेज में बाइक नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोनी के पति छवि सिंह समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव हैदरपुर निवासी मोहिनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद से पति समेत ससुर सर्वेश सिंह, सास गुड्डी देवी, जेठ रवि सिंह, जेठानी पूनम सिंह और देवर निखिल सिंह ने दहेज में बाइक नहीं मिलने पर उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। पिता ने ससुराल आकर घरवालों को समझाया, लेकिन उनका व्यवहार नहीं बदला।
गत शुक्रवार को आरोपियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं और इसका विरोध करने पर मारपीट करके घर से निकाल दिया। मां सीमा ने समझाने का प्रयास किया तो ससुराल वालों ने उन पर भी हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद