शाहजहांपुर। नगर निगम में संभव के तहत हुई जनसुनवाई में छह शिकायतें आईं, लेकिन इनमें एक का भी निस्तारण नहीं हो पाया।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। शहर के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी निजाकत उल्ला ने दाखिल-खारिज करवाने, अंटा की साजिदा ने पारिवारिक पेंशन दिलाए जाने, चमकनी करबला के रामलाल ने हैंडपंप सही कराने, बाडूजई प्रथम के अफजाल खां ने नाली से अतिक्रमण हटवाने की शिकायत की।
इसके अलावा बारादरी निवासी नवल किशोर ने स्ट्रीट लाइट सही कराने, अजीजगंज के रामप्रकाश शर्मा ने जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद