जलालाबाद। चार दिन पहले कोचिंग से घर लौटते वक्त मोहल्ला कानून गोयान निवासी इंटरमीडिएट के छात्र गौरव को रास्ते में घेरकर कुछ लोगों द्वारा पीटे जाने और मोबाइल छीनने के बाद उसकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा रिपोर्ट में छह अज्ञात आरोपियों का भी उल्लेख है।
मोहल्ला कानून गोयान निवासी प्रदीप ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा गौरव सेठ सियाराम इंटर कालेज में इंटरमीडिएट का छात्र है। गत 30 जुलाई की शाम वह कोचिंग से घर लौट रहा था। इसी दौरान रोडवेज स्टेशन के पास पहले से ही मौजूद मोहल्ला आंबेडकर निवासी अंशू सक्सेना, गांव याकूबपुर निवासी शिवा सहित अभिषेक, अनीश, टेनी और बल्कू ने गाैरव को पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
बेटे के चीखने पर आसपास के दुकानदारों ने उसे बचाया। इसी दौरान अवनीश और अभिषेक ने उसका आईफोन छीन लिया। बाद में हमलावर यह कहते हुए भाग गए कि उससे उनकी कोई रंजिश नहीं हैं। उसे मार देने की उन लोगों को सुपारी दी गई है। बाद में हमलावरों ने बेटे की पिटाई की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि छह आरोपियों के अलावा छह अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी।