शाहजहांंपुर। भारतीय युवा कांग्रेस व एनएसयूआई ने स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में मनमानी फीस वृद्धि समेत कई समस्याओं को उठाते हुए प्रदर्शन कर धरना दिया। छात्र नेताओं ने कुलपति को संबोधित ज्ञापन मुख्य कुलानुशासक डॉ.आलोक सिंह को दिया।
युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी के नेतृत्व में विद्यार्थी नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय के गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन मनमाने ढंग से फीस में वृद्धि कर रहा है। बीए, बीकॉम, बीएससी जैसे सामान्य पाठ्यक्रमों की फीस पूर्व में एक हजार से 1200 रुपये थे। यह बढ़ाकर 3600 रुपये कर दी गई है।
यह वृद्धि गरीब छात्रों को उच्च शिक्षा से दूर करने की साजिश है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी उल हसन ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया में जानबूझकर लापरवाही बरत रहा है। रजिस्ट्रेशन के लिए मात्र 15 दिन से भी कम समय देना विद्यार्थियों के साथ अन्याय है।
इसके बाद दिए ज्ञापन में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने, पंजीकरण व प्रॉस्पेक्टस के नाम पर अतिरिक्त वसूली बंद कराने की मांग की गई। इस मौके पर युवा नगर अध्यक्ष साद उल्ला खान, फरीद अली खान, उन्नत मिश्रा, सोभित मिश्रा, रहीम दाद खान, शाहनबाज खान, अनुभव वाल्मीकि, अरुणोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय बनने के बाद कुछ पाठ्यक्रम की फीस कम की गई है। फीस को मानक के अंदर ही रखा गया है। किसी भी तरह की फीस बढ़ोतरी करने की बात निराधार है।
-प्रो.पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, कुलपति