शाहजहांपुर। लगातार हो रही बारिश का सिग्नल प्रणाली पर असर पड़ने से ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। रविवार रात को कई ट्रेनें देरी से आईं और सोमवार को भी यही स्थिति बनी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को दिल्ली से चली गाड़ी संख्या 12230 लखनऊ मेल सोमवार को सुबह 4:37 बजे शाजहांपुर स्टेशन पर आई, जबकि इसका निर्धारित समय 3:45 बजे है। गाड़ी संख्या 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सोमवार को पूर्वाह्न 11:35 बजे चलकर शाम 7:02 बजे यहां आई, जोकि अपने निर्धारित समय से 50 मिनट लेट रही। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से छह मिनट लेट चली गाड़ी संख्या 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से 3:15 बजे आ सकी।
लखनऊ की ओर से आने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस 3:49 की बजाय 5:10 बजे आ सकी। गाड़ी संख्या 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 3:19 के स्थान पर 5:33 बजे शाहजहांपुर में आ पायी। रेल गाड़ी संख्या 15073 टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस 10:58 की जगह 11:36 बजे आ सकी। वहीं, यात्रियों का ट्रेनों का अधिक देर तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने बारिश के बीच स्टेशन पर बैठकर समय बिताया।
ट्रेन के आने पर राहत की सांस ली। स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने बताया कि बारिश के कारण सिग्नल प्रणाली पर असर पड़ रहा है। इसके साथ ही कई जगह रेलवे ट्रैक पर बारिश का पानी भरने की वजह से ट्रेनें लेट हुईं हैं। ट्रेनें अपनी अपनी निर्धारित स्पीड 100 किमी प्रतिघंटा के बजाय 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाई गईं हैं।