शाहजहांपुर। अंटा चौराहे पर बुधवार देर रात दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते उनमें मारपीट हो गई। पेट में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान एक पक्ष का युवक घर से तमंचा ले आया। अंटा निवासी नितिन पर फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी। खून से लथपथ नितिन को देख हमलावर भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सहयोग से नितिन को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इधर, नितिन के भाई अतुल ने थाने में तहरीर दी। बताया कि रात दस बजे भाई दुकान पर खड़ा था। इस बीच मोहल्ले के अंकित, अमन व राहुल गुप्ता आए और भाई से मारपीट करने लगे। वह भाई की चीख सुनकर घर से बाहर आए। इस बीच अंकित व अमन के कहने पर राहुल ने नितिन को गोली मार दी। तुरंत यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि अंकित, अमन व राहुल गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद