शाहजहांपुर। जनपद में सरप्लस शिक्षकों के तबादले में रोड़ा अटक गया है। शिक्षक और छात्र अनुपात सामान्य नहीं होने की वजह से तबादलों पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसे में जनपद के 263 शिक्षकों को बड़ा झटका लगा है।
जनपद के अंदर ही छात्र अनुपात से ज्यादा शिक्षक होने पर परिषद ने तबादलों को शुरू किया था। हर ब्लाॅक से शिक्षकों की सूची जारी करने के साथ ही पोर्टल पर विकल्प वाले स्कूलों की सूची भी जारी की थी। जनपद के करीब तीन सौ से ज्यादा शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें 263 शिक्षकों को तबादले के लिए मंजूरी मिल गई थी।
उनकी फाइल को डीएम के पास भेजा गया था, लेकिन विभाग ने अपने पोर्टल पर नजर डाली तो गड़बड़ी सामने आई। विभाग को स्कूलों में शिक्षक अनुपात ठीक नहीं मिला। कुछ स्कूलों में ज्यादा शिक्षक हो जा रहे है तो कुछ बंद होने की स्थिति में आ रहे थे। बीएसए ने आरटीई मानक के तहत सब ठीक नहीं होने पर तबादलों की प्रक्रिया को रोकने की निर्णय किया। ऐसे में शिक्षकों को झटका लगा है।
आरटीई के मानक पूरे नहीं होने वाले स्कूलों में तबादले नहीं किए जाएंगे। शिक्षा व्यवस्था को बनाए रखना ही पहला मकसद है।
- दिव्या गुप्ता, बीएसए