सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। मंसूरपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह कंबाइन से कुचलकर पंचोली गांव के श्रीनिवास के बेटे कुंदन (18) और बेटी नमामि (15) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंबाइन छोड़कर भाग गया।
खेतीबाड़ी करने वाले श्रीनिवास ने बताया कि बेटा कुंदन बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और बेटी हाईस्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे कुंदन बहन नमामि को स्कूल छोड़ने के लिए मंसूरपुर गांव स्थित मलखान सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज जा रहा था। बाइक गांव का ही रहने वाला हरिप्रसाद चला रहा था। जैसे ही वे तीनों मंसूरपुर गांव के पास पहुंचे, तभी कंबाइन की टक्कर लगने से दोनों भाई-बहन नीचे गिरकर पहिये के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी साइड में गिरने से हरिप्रसाद बाल-बाल बच गया।
हादसा देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर आए। उन्हें आता देख चालक कंबाइन छोड़कर मौके से भाग गया। पीछे साइकिल से स्कूल जा रही ज्योति हादसा देख रुकी और नमामि के परिवार के लोगों को सूचना दी। बाइक सवार तीनों लोगों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। सीओ सदर प्रियांक जैन ने बताया कि कंबाइन को कब्जे में ले लिया है।काल बनकर आई कंबाइन ने छीन ली भाई-बहन की जिंदगी
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी पंचोली गांव में हादसे में भाई कुंदन और बहन नमामि की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी और बेटे के शव को देख पिता श्रीनिवास के कदम लड़खड़ा गए। वह रो-रोकर कहते रहे बेटी को रोज वह छोड़ने जाते थे। पूजापाठ के कारण देरी हो गई तो बेटे के साथ भेज दिया। क्या पता था कि बेटा-बेटी को मौत के सफर में भेज रहे हैं।
श्रीनिवास ने बताया कि बेटा कुंदन मिर्जापुर से बीएससी कर रहा था। वह डी-फार्मा करना चाहता था। बेटी नमामि भी चिकित्सा क्षेत्र में जाना चाहती थी। यह कहते-कहते श्रीनिवास फफक पड़े। उन्होंने बताया कि वह हमेशा बेटी को छोड़ने के लिए स्कूल जाते थे, लेकिन आज सुबह पूजा-पाठ में देरी हो गई तो बेटा कुंदन बहन को छोड़ने के लिए चला गया।
इस बीच गांव का ही हरिप्रसाद मिल गया। उसे किसी काम से मंसूरपुर गांव जाना था। हरिप्रसाद बाइक चलाने लगा और बेटा और बेटी बाइक के पीछे बैठ गए। रास्ते में कंबाइन ने बेटा-बेटी की जिंदगी छीनकर उनकी दुनिया उजाड़ दी। बेटे संतन मिश्रा ने पिता को संभाला। वहीं, पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने उन्हें सांत्वना दी।
श्रीनिवास के बेटे संतन मिश्र, चंदन, वंदन और बेटी शीतल व पत्नी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि चंदन पंजाब की एक कंपनी में काम करता है। भाई वंदन और संतन उत्तराखंड की किसी कंपनी में काम करते हैं।
कंबाइन चालक ने शवों को हटाया, भीड़ देख भाग गया
पोस्टमॉर्टम हाउस पर कुछ लोग चर्चा कर रहे थे कि बाइक सवार ने कंबाइन को ओवरटेक किया। इस दौरान सामने से साइकिल सवार आ गया तो चालक ने बाइक रोकी, लेकिन कंबाइन चालक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। इसके बाद चालक ने दोनों के शवों को साइड में कर दिया। इस बीच आ रही भीड़ को देख चालक भाग गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
कुंदन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कुंदन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कुंदन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कुंदन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कुंदन का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन