पकड़े जाने के बाद रोता हुआ आरोपी लेखपाल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सदर तहसील में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को वारिसान प्रमाण पत्र बनाने के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल उत्कर्ष वर्मा को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव दिलावर देवकली के रहने वाले सुखपाल यादव ने बताया कि वे वारिसान प्रमाण पत्र के लिए तहसील में आवेदन किया था। तीन जून को आवेदन करने के बाद से वह लगातार प्रमाण पत्र के लिए तहसील के चक्कर लगा रहे थे। लेखपाल उत्कर्ष वर्मा उनसे प्रमाण पत्र के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था।
उन्होंने बताया कि परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन टीम, बरेली को लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की। मंगलवार को लेखपाल से सुखपाल ने रुपये देने की बात कही। तहसील में जैसे ही सुखपाल से लेखपाल उत्कर्ष ने पांच हजार रुपये लिए, वैसे ही एंटी करप्शन की टीम आ गई। टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। चौक कोतवाली में उत्कर्ष वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद आरोपी लेखपाल रो पड़ा।