उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में शामिल शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन ने आल इंडिया रैकिंग में 11 अंक की छलांग लगाई है। बदहाल यात्री सुविधाओं के बावजूद स्टेशन की रैकिंग में सुधार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तमाम अव्यवस्थाएं व्याप्त होने के बावजूद रैकिंग में सुधार पर लोग सवाल भी उठाने से नहीं चूक रहे। गौर करने वाली बात यह है कि यात्री सुविधाओं पर करोड़ों खर्च होने के बावजूद व्यवस्थाएं बदहाली का शिकार हैं।
देश में ग्रेड ए के रेलवे स्टेशनों की सूची में शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन अब तक 161 वें स्थान पर था। एक साल पर गौर करें तो स्थिति बेहतर करने के लिए यहां काफी काम हुए। यात्री सुविधाओं पर बजट पानी की तरह बहाया गया। इस दौरान स्टेशन ने आल इंडिया रैकिंग में 11 अंक का सुधार करते हुए 150 वें स्थान पर कब्जा कर लिया। गौर करने वाली बात यह है कि व्यवस्थाओं में सुधार कहीं नजर नहीं आ रहा। पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफार्म पर टीन शेड, यात्री प्रतीक्षालय सभी स्थानों पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। कई बार यात्री सुविधाओं को लेकर हंगामा आम बात हो गई है। प्रतिदिन औसतन 12 से 14 हजार यात्री शाहजहांपुर से ट्रेनों में सफर करते हैं। लेकिन यात्रियों के अनुपात में सुविधाओं को देखा जाए तो कहीं नहीं ठहरतीं। प्लेटफार्म की बात हो या फिर यात्री सुविधाओं की। निर्माण विभाग की मनमानी का खामियाजा यात्री भुगत रहे हैं।
प्लेटफार्म, सुंदरीकरण पर खर्च हो गए करोड़ों रुपये
- रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुंदरीकरण पर करोड़ों का बजट खर्च हो चुका है। इसका पूरा लाभ यात्रियों को नहीं मिल रहा। हाल ही में प्लेटफार्म नंबर एक की लाइन बदलने पर करीब 1.76 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसके अलावा मालगोदाम के सुंदरीकरण पर 35 लाख रुपये लगा दिए गए। श्रेणी दो के यात्री प्रतीक्षालय पर भी लाखों रुपये का खर्च आया। इनमें किसी का सीधा लाभ यात्रियों को नहीं मिल रहा।
डेढ़ फीट नीचा हो गया प्लेटफार्म नंबर एक
हाल ही में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रेल पटरियों को बदलने का काम किया गया है। इस पर करीब 1.76 करोड़ रुपये का खर्च आया। नई रेल पटरियां बिछाने के बाद प्लेटफार्म की ऊंचाई एक फीट नीचे हो गई है। मानक के अनुसार यह सही नहीं है। प्लेटफार्म नंबर एक पर ठहरने वाली रेलगाड़ियों में चढ़ने उतरने में यात्रियों को परेशानी होती है। इसके चलते प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेनों का ठहराव भी कम कर दिया गया है। निर्माण विभाग के पास प्लेटफार्म ऊंचा करने का रास्ता है, लेकिन ऐसा करने से प्लेटफार्म नंबर एक पर बने गई कार्यालय नीचे हो जाएंगे। इससे यहां बारिश के दिनों में जल भराव की समस्या पैदा हो जाएगी।
आल इंडिया रैकिंग में शाहजहांपुर स्टेशन की स्थिति में सुधार हुआ है। ए ग्रेड में शामिल शाहजहांपुर स्टेशन आल इंडिया रैंकिंग में 161 के स्थान से 150 पर आ गया है। यह बात सही है कि स्टेशन पर अभी काफी काम होना बाकी है। हमारा पूरा प्रयास है कि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। - ओमशिव अवस्थी, स्टेशन अधीक्षक