झांसी की तकनीकी टीम ने जांचा मालगाड़ी का कोच
कटरा-तिलहर के बीच रविवार को हुआ था डिरेलमेंट
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। मालगाड़ी के डिरेल हुए कोच की जांच के लिए बुधवार को झांसी से दो सदस्यों की तकनीकी टीम तिलहर पहुंची। यहां कोच की जांच-पड़ताल के साथ वीडियो और फोटोग्राफी भी की। ज्वाइंट रिपोर्ट बनाने के बाद टीम वापस लौट गई।
रविवार को बरेली से फैजाबाद की ओर गेहूं लेकर जा रही डाउन मालगाड़ी के इंजन का प्रेशर टैंक खुलकर गिर गया था। इसके बाद गेट संख्या 343 के पास मालगाड़ी का एक कोच पटरी से उतर गया। इससे डाउन लाइन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रही। मामले में कई स्तर पर जांच चल रही है। जो कोच डिरेल हुआ था उसकी आखरी बार ओवर हॉलिंग अगस्त 2017 में झांसी के रेल कोच सेट ने की थी। बुधवार को झांसी से सीनियर सेक्शन इंजीनियर डी सिंह और सियाराम यहां पहुंचे। दोनों विशेषज्ञों ने कोच की जांच पड़ताल की। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि कोच पटरी से क्यों उतरा। तकनीकी टीम ने जांच-पड़ताल के बाद ज्वाइंट रिपोर्ट भी तैयार की है। इसे अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।