नगर निगम में बैठक के दौरान जन समस्याओं पर चर्चा करते पार्षद। स्रोत: स्वयं
शाहजहांपुर। नगर निगम में सोमवार को बैठक हुई। इसमें पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में सीवर लाइन से जुड़ीं समस्याओं को साझा किया। पार्षद रामबरन सिंह चंदेल ने कहा कि कई गलियों में सीवर लाइन की ठीक से मरम्मत नहीं की गई है। बाथरूम के पाइप सीवर लाइन से नहीं जुड़े हैं।
पार्षद अतुल दीक्षित ने कहा कि अभी तक सीवर लाइन का काम पूरा नहीं हुआ है और अधिकारी इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पार्षदों ने बताया कि सीवर लाइन के चोक होने, गंदगी और अवैध कनेक्शन की समस्याएं आम हैं। इन्हें तत्काल दूर करने की आवश्यकता है। सीवर लाइन की समस्या के समाधान के लिए पार्षदों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।
पार्षदों ने सीवर लाइन में कई कमियों को उजागर किया जिनमें चेंबर की समस्या, पानी के पाइपों का सही तरीके से नहीं जुड़ना, और सीवर लाइन की ठीक से मरम्मत नहीं होना शामिल है। बैठक में पार्षदों ने निर्णय लिया कि वे मंगलवार को जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी समस्याओं को विस्तार से रखेगें। इस दौरान राजेश गंगवार, संजय सरस्वत, विपिन सिंह, सुधीर गुप्ता, संजय सारस्वत सहित कई पार्षद मौजूद रहे। संवाद