रोजा में लखनऊ दिल्ली हाईवे पर निर्माणाधीन पुल की टेस्टिंग के लिए पत्थर भरकर खड़े किए गए ट्रक। स
रोजा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेली मोड़ बाइपास वाले गर्रा पुल पर आए दिन जाम लगने की समस्या से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने नवनिर्मित पुल की दोनों लेन पर भार वहन क्षमता जांचने का काम सोमवार को पूरा कर लिया। निर्माणदायी कंपनी के अभियंताओं के अनुसार 30 मई तक पुल की दोनों लेन पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।
हाईवे के गर्रा पुल पर निर्माण के शेष बचे काम पूरे कराने के लिए उसकी एक लेन को बंद रखे जाने से आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होने के साथ हादसे भी हो रहे हैं। गत सप्ताह विपरीत दिशा से पुल की एक ही लेन पर आए दो ट्रक भिड़ जाने से करीब पांच घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में लखनऊ से दिल्ली के आनंद विहार जा रही रोडवेज की एक बस रात में बंद लेन के आगे रखे कंक्रीट के बोल्डर से टकरा गई। यही नहीं, इसी पुल पर अगले दिन दोपहर में दो ट्रक भिड़ जाने से जाम लग गया।
पुल पर हादसे और उससे हाईवे पर लगने वाले जाम की समस्या दूर करने के लिए पुल की दोनों लेन पर शनिवार से भार वहन क्षमता जांचने का काम शुरू किया गया। इसके लिए चार ट्रकों में लगभग 170 टन पत्थर भरकर पुल पर देर तक रोके गए। बता दें कि पुल के चार पिलर और दोनों किनारों को मिलाकर पांच स्पॉन बने हुए हैं। शनिवार सुबह से रविवार शाम तक पुल के पूर्वी हिस्से पर बने पहले स्पॉन पर 170 टन लोड डाला गया जिसका दबाव मानक के अनुरूप रहा। बाद में रविवार शाम से सोमवार शाम तक पश्चिमी हिस्से के दूसरे स्पॉन पर 170 टन लोड डाला गया। इससे पुल पर 25 एमएम का दबाव पाया गया।
साइट इंचार्ज इंजीनियर सुरजीत कुमार ने बताया लोड टेस्टिंग में स्पॉन पर 170 टन वजन डालने के बाद 40 एमएम तक विचलन अर्थात दबाव मानक के अनुरूप माना जाता हैं। बताया कि पुल के दो स्पॉन का परीक्षण हो चुका है। तीन स्पॉन की क्षमता भी जल्द जांची जाएगी। पुल के किनारों पर शेष कार्य भी पूरा करके दोनों लेन पर 30 मई तक यातायात शुरू करा दिया जाएगा।