निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती छात्र कार्तिक। स्रोत: परिजन
तिलहर। गांव कपसेड़ा निवासी सात वर्षीय कार्तिक शर्मा के ऊपर दूसरे समुदाय के किराना दुकानदार ने एयरगन से गोली चला दी। एयरगन का छर्रा उसके बाएं कान के नीचे लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दो समुदायाें का मामला होने के चलते पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव के रामू शर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका सगा भांजा कार्तिक शर्मा उर्फ कान्हा ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। बृहस्पतिवार को सुबह 7:45 बजे पड़ोस की किराना दुकान पर बिस्कुट लेने गया था। आरेाप है कि दुकान मालिक मोहम्मद यूनुस ने किसी बात को लेकर जान से मारने की नीयत से भांजे के ऊपर एयरगन से गोली चला दी।
छर्रा उसके बाएं कान के नीचे लगा। जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गया। परिजन तुरंत ही उसे निजी मेडिकल कॉलेज लेकर गए। डॉयल 112 को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ज्योति यादव ने इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल के साथ पहुंचकर जानकारी ली। मामले में तहरीर दी गई। एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी यूनुस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।