जलालाबाद। खंडहर रोड पर बुधवार की शाम घायल अवस्था में मिले पेहना गांव के अमित सिंह को गोली मारी गई थी। मेडिकल रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल अमित की हालत गंभीर देख उन्हें घरवाले राजकीय मेडिकल कॉलेज से बरेली के एक अस्पताल रेफर करा ले गए हैं।
गांव पेहना निवासी दिनेश सिंह के पुत्र अमित सिंह बुधवार की शाम खंडहर रोड पर गांव टापर के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े मिले थे। आसपास मौजूद लोगों के अनुसार, वहां अमित का कुछ लोगों से विवाद हो गया था, आरोप था कि आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी और भाग गए। जानकारी पाकर पहुंचे घरवाले घायल अमित को इलाज के लिए शाहजहांपुर लेकर चले गए।
अमित के छोटे भाई आकाश की सात मई को बरात जानी थी। घटना के समय शाम करीब पांच बजे अमित जलालाबाद से सामान की खरीदारी कर घर लौट रहे थे। जानकारी पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। इस दौरान पुलिस को अमित की जेब में रखे एक लाख रुपये और उनका मोबाइल और बाइक भी मौके पर पड़ी मिली थी।
प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि देर शाम मेडिकल काॅलेज में अमित के गोली लगने की पुष्टि होने के बाद इस मामले में अमित के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे को पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और अन्य स्रोतों से मिल रही जानकारी के आधार पर आरोपी हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।